देहरादून। राजधानी दून में अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, आलम यह है कि यहां अपराध का ग्राफ दिनोंदिन बढ़ता ही जा रहा है। ताजा मामला डालनवाला थाना क्षेत्र के करनपुर मुख्य बाजार का है। यहां वन विभाग से सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी की गला घोंटकर हत्या कर दी गयी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि हत्या दो-तीन पूर्व की गयी है और उनका गला बैग के फीते से घोटा गया था। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है वहीं क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है।
जानकारी के अनुसार डालनवाला थाना क्षेत्र के करनपुर मुख्य बाजार में वन विभाग से सेवानिवृत्त 67 वर्षीय सुरेंद्र जायसवाल अपने मकान के ऊपरी तल पर कुछ दुकानें बनवा रहे थे। काफी दिनों से यहां पर निर्माण कार्य चल रहा था। बीते रोज उक्त मकान में निर्माण का काम कर रहा मिस्त्री हरी सिंह आमवाला तरला करनपुर चौकी पहुंचता है। हरी सिंह ने बताया कि सुरेंद्र जायसवाल के मकान का मुख्य शटर आधा खुला था। आसपास के लोगों से पूछा तो उन्होंने बताया कि यहां दो दिनों से कोई आ जा नहीं रहा है। एक पड़ोसी ने अंदर झांककर देखा तो जायसवाल निर्माणाधीन हिस्से में अचेत अवस्था में पड़े थे। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी सिटी सरिता डोभाल ने बताया कि शव करीब दो दिन पुराना है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।