देहरादून। प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप दिखने लगा है। तापमान बढ़ने से जहां पहाड़ों में जंगल धधकने लगे हैं वहीं मैदानी इलाकों में उमस भरी गर्मी के चलते लोग परेशान हैं। आलम यह कि अभी से दिन में लू पड़ रही हो ऐसी गर्मी का अहसास होने लगा है। इधर मौसम विज्ञान केंद्र ने आज और कल तापमान में अत्यधिक बढ़ोतरी होने का अलर्ट भी जारी किया है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार आगामी 13 और 14 अप्रैल को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ ही ओलावृष्टि और झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। गर्मी के चलते जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक उछाल के चलते दिन में उमस भरी गर्मी महसूस हो रही है। रविवार को मैदानों में चटख धूप ने पसीने छुटाए। उधर गर्मी बढ़ने के साथ ही कई जगहों पर जल संकट भी गहराने लगा है। उधर मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत में संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। हालांकि, यहां हल्की बौछार भी पड़ सकती हैं।

